करनाल, 12 जुलाई। जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस करनाल, ग्रामीण एवं जिला संयोजक सोशल मीडिया युवा कांग्रेस करनाल ग्रामीण, गुलाब सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार द्वारा फोरेस्ट रेंजर पोस्ट के लिए हरियाणा की बेटियों की छाती मापने के आदेश को क्रूरतापूर्ण और महिलाओं को शर्मशार करने वाला करार दिया।
जारी एक बयान में गुलाब सिंह चौहान ने कहा कि फोरेस्ट रेंजर और डिप्टी फोरेस्ट रेंजर पोस्ट के लिए उम्मीदवार युवतियों और महिलाओं की छाती मापने की शर्त सरकार द्वारा जारी की गई है, जो बेहद अपमानजनक और संवेदनहीन है। इस नियम के तहत महिलाओं को अनएक्सपेंडेड चेस्ट 74 CM और एक्सपेंडेड 79 CM होने चाहिए। यह शर्त न केवल महिलाओं का अपमान करती है, बल्कि इसे एक संस्कारहीन और असंवेदनशील कदम भी माना जा सकता है।
गुलाब सिंह चौहान ने कहा कि हरियाणा में महिला पुलिस कांस्टेबल और महिला पुलिस की भर्ती में उम्मीदवारों की छाती नहीं मापी जाती। फिर हरियाणा की बेटियों को अपमानित करने के लिए फोरेस्ट रेंजर और डिप्टी फोरेस्ट रेंजर की भर्ती में यह शर्त क्यों लागू की गई है, यह समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार को यह समझना चाहिए कि सेन्टर पुलिस संगठन में भी महिलाओं की छाती मापने का कोई मापदंड नहीं है, फिर यह नियम लागू करना हरियाणा की बेटियों के लिए अन्याय है।